कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुईं इमरती देवी एक बार फिर सुर्ख़ियों में हैं। इसका कारण इमरती देवी का सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो है जिसमें वे पंडोखर सरकार के दरबार में नजर आ रही हैं। 

पंडोखर सरकार के दरबार में इमरती देवी ने पूछा कि डबरा सीट पर उन्हें चुनाव हरवाने में किस नेता की भूमिका थी? इस सवाल का पंडोखर सरकार ने जो जवाब दिया वह बेहद दिलचस्प है। पंडोखर सरकार ने इमरती देवी को बताया कि उनकी हार का कारण उनकी ही वर्तमान पार्टी के एक नेता हैं। 

पंडोखर सरकार ने हालाँकि उस नेता का नाम नहीं बताया। साथ ही पंडोखर सरकार ने इमरती देवी को यहाँ कहा कि उनका राजनीतिक भविष्य उज्जवल है और हार के बाद भी डबरा में नपा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनवा उन्होंने अपनी ताकत दिखाई है। 

सियासत में इमरती देवी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का कट्टर समर्थक माना जाता है। सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने पर इमरती देवी ने भी उनके समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था लेकिन इसके बाद इमरती देवी को अपनी परंपरागत डबरा सीट पर शिकस्त मिली थी।