उत्तरप्रदेश के सहारनपुर में डॉ. भीमराव स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को टॉयलेट के भतर खाना बनाकर खिलाया जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो वायरल होने के बाद सहारनपुर के क्रीड़ा अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जांच भी बैठा दी है।

दरअसल, सहारनपुर के डॉ. भीमराव स्पोर्ट्स स्टेडियम में सब जूनियर (बालिका) कबड्डी प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन किया गया है। राज्य स्तर की यह कबड्डी प्रतियोगिता 16 सितम्बर से 18 सितम्बर तक चली थी, जिसमें प्रदेश भर की 17 टीमों ने हिस्सा लिया। यानी करीब 200 से अधिक लोगों की टीम यहां पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आई हुई थी।

इन लोगों का खाना टॉयलेट में बनाया जा रहा था। यानि कि खिलाड़ियों को टॉयलेट में खाना बनाकर खिलाया गया, वहीं खाने में परोसे गए चावल भी कच्चे थे। इस पर क्रीड़ाधिकारी का कहना था कि जब खाना बनाया गया तो हलवाई के पास खराब चावल आ गए थे, उस चावल को फिंकवाकर दोबारा चावल बनवाया गया। 

वहीं टॉयलेट में खाना बनाए जाने पर क्रीड़ाधिकारी ने अपनी अलग दलील दी है। क्रीड़ाधिकारी  का कहना था कि बारिश के कारण स्विमिंग पुल के पास में चेंजिंग रूम में खाने का सामान रखा गया था, क्योंकि स्टेडियम में और जगहों पर निर्माण कार्य चल रहा है, इस वजह से हमने स्विमिंग पुल के चेंजिंग रूम में खाना बनाने का इंतजाम किया था, जबकि वायरल वीडियो में ये साफ तौर पर देखा जा सकता है, कि कैसे टॉयलेट में खाना बनाया जा रहा है।