पीएम मोदी की मां हीराबेन का शुक्रवार सुबह अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। हीराबेन 100 साल की थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की तबीयत बुधवार को बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत उनके भाई सोमाभाई मोदी और परिवार के अन्य सदस्य भी हीराबेन की अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हीराबा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
पीएम मोदी की मां हीराबेन को बीते दिनों अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे थे।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर मां को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे अहमदाबाद पहुंचे हैं। बताया जा रहा है, कि पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बंगाल में विकास कार्यों में हिस्सा ले सकते हैं।