प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को धनतेरस पर मध्यप्रदेश के 4.5 लाख परिवारों को वर्चुअली गृहप्रवेश करवाया। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सतना में प्रधानमंत्री आवास योजना के 4.5 लाख लाभर्थियों के गृह प्रवेश में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक समय था, जब धनतेरस पर सिर्फ वही लोग गाड़ी और घर जैसी बड़ी और महंगी संपत्ति खरीद पाते थे जिनके पास संसाधन और पैसे होते थे। लेकिन आज देश का गरीब भी धनतेरस पर गृह प्रवेश कर रहा है।
लाखों बहनें बनीं घर की मालकिन- पीएम मोदी
पीएम मोदी बोले, मैं मध्य प्रदेश की उन लाखों बहनों को आज विशेष बधाई देता हूं, जो आज अपने घर की मालकिन बनीं हैं। ये हमारी सरकार का सौभाग्य है कि पिछले 8 वर्षों में 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के माध्यम से 3.5 करोड़ परिवारों का सबसे बड़ा सपना पूरा कर पाई है। हमारी सरकार गरीबों को समर्पित हैं, इसलिए गरीब की इच्छा, उसके मन और जरूरतों को सबसे ज्यादा समझती है।
देखिये लाइव-
उन्होंने आगे कहा कि मुझे विश्वास है कि अब जब ये नए घर आपको मिल गए हैं, तो अपने सपनों को सच करने की नई ताकत भी मिली है, इसलिए आज का दिन सिर्फ गृह प्रवेश का नहीं है, बल्कि घर में खुशियां, घर में नए संकल्प, नए सपने, नया उमंग और नया भाग्य, उसमें प्रवेश का भी है। पहले अगर गरीबों के लिए घर घोषित होता भी था, तो उसे शौचालय अलग बनाना पड़ता था, बिजली, पानी और गैस कनेक्शन के लिए अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन आज सरकार की अलग-अलग योजनाएं शौचालय, बिजली, पानी और गैस जैसी जरूरी चीजों के साथ 'प्रधानमंत्री आवास योजना' को संपूर्ण बनाती है।
हमारी सरकार गरीब के पास खुद पहुंच रही हैं- पीएम
पीएम मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारी सरकार हर गरीब को अपनी पक्की छत देने के लिए दिन-रात काम कर रही है। इसलिए, आज इतनी बड़ी संख्या में, ये घर बन रहे हैं। मध्य प्रदेश में 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत करीब 30 लाख घर बनाए जा चुके हैं। अभी 9-10 लाख घरों पर काम चल रहा है। लाखों बनते हुए घर, देश के कोने-कोने में रोजगार के अवसर भी बना रहे हैं।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले की सरकार और हमारी सरकार में एक बहुत बड़ा फर्क है- पहले की सरकार गरीब को तरसाती थी, उसको सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगवाती थी। लेकिन आज हमारी सरकार गरीब के पास खुद पहुंच रही हैं, हर योजना का लाभ गरीब को मिले इसलिए अभियान चला रही है। जब टैक्स-पेयर को लगता है की उसका पैसा सही जगह खर्च हो रहा है, तो टैक्स-पेयर भी खुश होता है, आज देश के करोड़ों टैक्स-पेयर को ये संतोष है कि कोरोना काल में, करोड़ों लोगों का पेट भरने में मदद करके, वो कितनी बड़ी सेवा का काम कर रहा है।
4 करोड़ गरीबों को मिला मुफ्त इलाज- पीएम
केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताते हुए पीएम मोदी बोले, हमारी सरकार का लक्ष्य नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ ही इस बात का भी है कि गरीबों के, मध्यम वर्ग के पैसे बचें, आयुष्मान भारत योजना के तहत अभी तक करीब 4 करोड़ गरीब मरीज मुफ्त इलाज ले चुके हैं। इससे इन सभी परिवारों के हजारों करोड़ रुपये बचे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पक्के घर, गैस, बिजली, पानी और मुफ्त इलाज ये सबको तेजी से मिले। अच्छी सड़के, अच्छे स्कूल, कॉलेज और अच्छे अस्पतालों तक सभी की पहुंच हो। गांव-गांव ऑप्टिकल फाइबर पहुंचे इसके लिए हम दिन रात मेहनत कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि ऐसे प्रयासों से किसान का, गरीब का जीवन आसान होगा, हम सभी विकसित भारत के निर्माण में जुटे रहेंगे।
सीएम शिवराज बोले- 2024 तक कोई गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा
सतना में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकानों के गृह-प्रवेशम् कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने करीब 280 करोड़ 13 लाख 47 हजार रूपये से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। गृह प्रवेशम् कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने अपने संबोधन में कहा कि मेरे, बहनों और भाइयों 2024 तक कोई गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा। सबके पक्के मकान बना दिये जाएंगे। प्रदेश सरकार जनता की जिंदगी बदलने के लिए कटिबद्ध है। सबको राशन, सबको मकान और सबके इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में 5 लाख रूपये तक निःशुल्क इलाज कराया जा रहा है।
देखिये लाइव-
उन्होंने आगे कहा कि सतना के गांव और शहरों के विकास में प्रदेश सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी को सदानीरा बनाए रखने के लिए 250 करोड़ रूपये की गौरी सागर परियोजना स्वीकृत हुई है। सतना बाण सागर ग्रामीण जल प्रदाय योजना के प्रथम चरण में 1133 करोड़ रूपये की लागत से 988 गांवों में नल से हर घर जल पहुंचाया जाएगा। जिसके लिए 2153 करोड़ लागत की सतना बाणसागर-2 जल समूह योजना भी स्वीकृत की गई है।