PM Modi Rally in MP: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में केंद्रीय नेताओं का धुआंधार प्रचार लगातार जारी है. बीजेपी की तरफ से सभी स्टार प्रचारक मैदान में उतरकर जनता से वोट मांग रहे हैं. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार यानी 7 नवंबर को सीधी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रचंड जीत की हुंकार भरी हैं.

मंच से पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा-

कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी बोले, केंद्र में हमसे पहले 10 वर्ष तक कांग्रेस ने सरकार चलाई. लेकिन, उसमें उसने गरीब और मध्यम वर्ग को लूटने का ही काम किया था. आपके सेवक मोदी ने करीब 10 साल जो सरकार चलाई है, उसमें पूरी लगन से कार्य किए हैं. इन 10 सालों में घोटाले बंद हुए हैं, गरीब और मध्यम वर्ग की बचत हुई है, उन्हें अधिक सुविधा मिली है. टेलीकॉम घोटाला और कोयला घोटाला करके कांग्रेस ने आपके लाखों-करोड़ रुपये लूट लिए. जबकि, भाजपा सरकार में वो लाखों करोड़ रुपये के घोटाले बंद हो चुके हैं.

उन्होंने बताया कि जो पैसा घोटालों से हम बचा रहे हैं, वो पैसा हम गरीब और मध्यम वर्ग के हित में लगा रहे हैं. गरीब कल्याण अन्न योजना पर अब तक केंद्र सरकार 2 लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है. इससे 80 करोड़ देशवासियों को कोरोना के संकटकाल से लेकर अब तक मुफ्त राशन सुनिश्चित हुआ, गरीब के घर का चूल्हा जलता रहा. ये मोदी की गारंटी है कि देश का कोई भी गरीब परिवार भूखा नहीं रहेगा.

अगले 5 साल के लिए बढ़ाई मुफ्त राशन योजना-

पीएम मोदी बोले, इसलिए आप सबके आशीर्वाद से अब हमने मुफ्त राशन की इस योजना को आने वाले 5 साल के लिए बढ़ाने का निश्चय कर लिया है. गरीब का पैसा गरीब के पास जाए, उसके लिए खर्च हो और कोई बिचौलिया बीच में उस पैसे को लूट न पाए, यही मोदी की विशेषता है. देश भर के गरीब परिवारों को अपना पक्का घर मिले, ये गारंटी भी मोदी ने दी है. इस पीएम आवास योजना पर अभी तक 4 लाख करोड़ रुपये सरकार खर्च कर चुकी है.

उन्होने आगे कहा, कांग्रेस का इतिहास गरीबों से झूठ बोलने का रहा है. कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं, युवाओं से भी झूठ बोला और किसानों से भी कर्जमाफी का झूठा वादा किया. भाजपा सरकार जो कहती है, वो हम डंके की चोट पर पूरा करके दिखाते हैं. पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत हम किसानों के खाते में पैसा जमा कर रहे हैं. इस योजना के तहत अब तक 2 लाख 60 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं. इस योजना के 20 हजार करोड़ रुपये MP के किसानों के खातों में भी गए हैं.

कांग्रेस आज गिनती के ही कुछ राज्यों में बची-

पीएम मोदी ने बताया कि भाजपा सरकार की योजनाओं के जो भी लाभार्थी हैं, उनमें से अधिकतर हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवार हैं. कांग्रेस के लंबे शासन काल में सबसे बुरी स्थिति दलित और आदिवासी बस्तियों की ही थी. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का सबसे अधिक लाभ हमारे गरीब और दलित भाई बहनों को ही हुआ है. भाजपा सरकार शत-प्रतिशत बस्तियों को सड़क से जोड़ने के लक्ष्य के बहुत करीब है.

कांग्रेस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अनेक दशकों तक देश में पंचायत से लेकर संसद तक कांग्रेस का ही झंडा था, कांग्रेस की ही सरकारें थीं. लेकिन, आज गिनती के कुछ राज्यों में ही इनकी सरकार बची है. इनका ऐसा पतन इसलिए हुआ, क्योंकि इनका नारा रहा है, गरीब की जेब साफ और काम हाफ करना है. किसी राज्य से एक बार कांग्रेस गई, तो वहां के लोगों ने कांग्रेस को दोबारा घुसने नहीं दिया है.

कांग्रेस ने उन्हीं को आगे बढ़ाया, जो लगाते थे दिल्ली दरबार में हाजिरी-

राहुल गांधी के OBC रिजर्वेशन वाले बयान पर सीधा निशाना साधते हुए पीएम मोदी बोले, MP में भी 2 दशक से अधिक समय से कांग्रेस बहुमत के लिए तरस रही है. कांग्रेस ने केवल उन्हीं को आगे बढ़ाया, जो दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाते थे. SC, ST, OBC समाज के प्रतिभाशाली नेतृत्व को कांग्रेस ने कभी उभरने नहीं दिया. इनकी यही दरबारी मानसिकता है, जिसके कारण ये लोग दिन-रात मोदी को गाली देते रहते हैं. मोदी को गाली देते-देते ये पूरे OBC समाज को गालियां देने लगे हैं.