PM Modi Rally in MP: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में केंद्रीय नेताओं का धुआंधार प्रचार लगातार जारी है. बीजेपी की तरफ से सभी स्टार प्रचारक मैदान में उतरकर जनता से वोट मांग रहे हैं. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार यानी 8 नवंबर को दमोह के इमलाई में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रचंड जीत की हुंकार भरी हैं.
मंच से पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा-
कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी बोले, मोदी सिर्फ और सिर्फ आपका सेवक है. आपका जीवन बेहतर हो, आपके जीवन से मुश्किलें कम हो, यही मेरी प्राथमिकता है. देश को आजाद हुए इतने साल हो चुके हैं, लेकिन इतने सालों से कांग्रेस देश से एक ही झूठ बार-बार बोलती रही है, गरीबी खत्म करने का नारा देती रही. कांग्रेस कभी गरीबी खत्म नहीं कर पाई, क्योंकि कांग्रेस के नेताओं की नीयत ठीक नहीं थी.
उन्होंने आगे कहा, आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है. भाजपा के सेवाकाल में देश गरीबी से बाहर निकल रहा है, अपनी गरीबी दूर कर रहा है. आज पूरी दुनिया भारत में हो रहे विकास की चर्चा कर रही है. 2014 में जब हम सरकार में आए, तब हमारा देश दुनिया की 10वें नंबर की आर्थिक ताकत था. आज भारत ने 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर उस देश को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200 साल तक हम पर राज किया था.
भारत को दुनिया की टॉप 3 अर्थव्यवस्था में लाकर रहूंगा-
पीएम मोदी ने बताया कि ये मोदी की गारंटी है कि जब तीसरी बार मेरा सेवाकाल प्रारंभ होगा, मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की टॉप 3 में लाकर रहूंगा. हमारे गारंटी खजाने लुटाने की नहीं होती, बल्कि हमारी गारंटी देश को ऑन-बान-शान के साथ आगे ले जाने की होती है. हमारी गारंटी वोट बटोरने की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामर्थ्य बढ़ाने की होती है.
उन्होंने आगे कहा, आज का ये समय कांग्रेस से सबसे ज्यादा सावधान रहने का है. कांग्रेस वो पार्टी है, जो गरीबों के हक का पैसा छीन लेती है, हजारों करोड़ रुपये के घोटाले करती है. कांग्रेस एक समाज को दूसरे समाज से लड़ाकर कुर्सी पर कब्जा करने का खेल खेलती है. कांग्रेस के लिए देश और राज्य का विकास जरूरी नहीं है, बल्कि कांग्रेस के लिए सिर्फ अपना स्वार्थ ही जरूरी है.
कांग्रेस की रिमोट वाली आदत नहीं जा रही-
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी बोले, 2014 से पहले देश ने 10 साल तक कांग्रेस को मौका दिया था. लेकिन, किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था. आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष रिमोट से चल रहे हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं, लेकिन वो बस नाममात्र के रह गए हैं. कभी कभी वो खुद के मूड में आ जाते हैं. मैंने कहीं पढ़ा कि कल उन्होंने पांडवों को याद किया था. जब रिमोट चलता है, तब वो सनातन को गाली देते हैं, लेकिन रिमोट बंद होते ही उन्होंने सनातन को याद किया. कल उन्होंने कहा कि भाजपा में 5 पांडव हैं. हमें गर्व है कि हम पांच पांडवों की राह पर चल रहे हैं.
पहले पैसा कांग्रेस की तिजोरी में पहुंच जाता था-
कांग्रेस को घेरते हुए पीएम मोदी बोले, गरीबों का पैसा लूटने के लिए कांग्रेस ने एक खास मशीन बनाई थी. वो मशीन ऐसी थी जिसमें सरकार अगर 100 रुपये भेजती थी, तो उसमें से 85 रुपये सीधे कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में पहुंच जाता था.
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर बताया कि भाजपा का प्रयास सिर्फ सुविधाएं जुटाने तक सीमित नहीं है. हम गरीब, SC, ST, OBC परिवारों को उनकी शिक्षा और कौशल विकास के लिए भी अवसर दे रहे हैं.