PM Modi Rally in MP: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में केंद्रीय नेताओं का धुआंधार प्रचार लगातार जारी है. बीजेपी की तरफ से सभी स्टार प्रचारक मैदान में उतरकर जनता से वोट मांग रहे हैं. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार यानी 5 नवंबर को खंडवा विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रचंड जीत की हुंकार भरी हैं.
कांग्रेस ने MP को बना दिया बीमारू राज्य-
कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी बोले, कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था. कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद से एमपी को गड्ढे में धकेल दिया था. इसलिए हमें MP को कांग्रेस के चंगुल से बचा कर रखना है. कांग्रेस यहां सरकार बनाने के लिए क्यों छटपटा रही है? क्योंकि कांग्रेस, MP को अपनी पार्टी का ATM बनाना चाहती है.
उन्होने आगे कहा, 10 साल से कांग्रेस केंद्र की सत्ता से बाहर है, इसलिए हर राज्य को बड़ी लालच भरी नजरों से देखती है कि कब मौका मिले, कब माल खाऊं. अगर किसी राज्य में गलती से भी कांग्रेस की सरकार बनी वहां लूट ही लूट हुई. कांग्रेस यानी गरीब की जेब साफ करना. कांग्रेस यानी विकास की गाड़ी पर परमानेंट ब्रेक लगाना और रिवर्स गियर में डाल देना. इसलिए आपको कांग्रेस से बहुत सावधान रहना है.
कांग्रेस पर कसा तंज-
पीएम मोदी ने कहा, आप इस गलती में मत रहना कि इतने साल सत्ता से बाहर थे तो ये सुधर गए होंगे. ये सुधरे नहीं हैं इनकी भूख और तेज हो गई है. मोदी 'सबका साथ-सबका विकास' के मंत्र को जीता है. सबका साथ भी लेता है और सबका विकास भी करता है. तो मैं खंडवा के लोगों को ऐसे ही अपने हाल पर कैसे छोड़ सकता था. उन्होंने भले छोड़ कर रखा था, लेकिन मैं ये पाप नहीं कर सकता था. इसलिए हमने खंडवा को आकांक्षी जिला घोषित किया और इसके विकास पर बल दिया.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस सिर्फ अपने नेताओं के स्वार्थ पर ही टिकी है. जहां-जहां कांग्रेस आती है, वहां सत्ता का अहंकार, अपराध, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, माफियाराज, यही सब फलता-फूलता है. कांग्रेस की सरकारें सिर्फ झगड़े में उलझी रहती है. राजस्थान में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला, लेकिन साढ़े चार साल से वहां दो गुट लड़ाई लड़ते रहे.
कांग्रेस नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे-
पीएम मोदी बोले, अभी कर्नाटक में सिर्फ 6 महीने हुए हैं और वहां के सीएम को पता नहीं है कि वह कब तक सीएम रहेगा. मध्य प्रदेश में तो अभी टिकट ही बटा हैं लेकिन कांग्रेस नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं.
उन्होंने बताया कि मोदी के लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति है. हमारी सरकार के लिए गरीब कल्याण सबसे बड़ी प्राथमिकता है. भाजपा सरकार के प्रयासों के कारण पिछले पांच वर्षों में देश के 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार लाडली बहना और लाडली लक्ष्मी जैसी अनेक योजनाओं से महिलाओं को सशक्त कर रही है.