PM Modi Rally in MP: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में केंद्रीय नेताओं का धुआंधार प्रचार लगातार जारी है. बीजेपी की तरफ से सभी भी स्टार प्रचारक मैदान में उतरकर जनता से वोट मांग रहे हैं. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार यानी 5 नवंबर को सिवनी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रचंड जीत की हुंकार भरी हैं.

 

महाकौशल ने भाजपा को बार-बार दिया आशीर्वाद- PM  

बता दें कि पीएम मोदी आज मध्य प्रदेश में दो अलग-अलग जनसभाएं करेंगे, जिसमें सिवनी और खंडवा विधानसभा शामिल हैं. उन्होंने सिवनी में कहा, महाकौशल ने भाजपा को बार-बार आशीर्वाद दिए हैं. इस बार भी महाकौशल ने भाजपा की महाविजय तय कर दी है. ये नजारा, ये जनता-जर्नादन की गारंटी है. भाजपा को जिताने की, ये विजय की गारंटी है, जनता जनार्दन के आशीर्वाद से निकली हुई गारंटी है.

एमपी में पीएम मोदी की हुंकार-

पीएम मोदी बोले, मध्य प्रदेश एक स्वर से कह रहा है, भाजपा है तो भरोसा है, भाजपा है तो विकास है, भाजपा है तो बेहतर भविष्य है. मध्य प्रदेश से एक ही आवाज सुनाई दे रही है. एमपी के मन में बसे मोदी, मोदी के मन में बसे एमपी. इसलिए फिर एक बार भाजपा सरकार बन रहीं हैं.

उन्होंने आगे कहा, MP के मन में मोदी क्यों हैं, इसका एक उदाहरण ‘प्रधानमंत्री अन्न योजना’ है. कोरोना के समय मेरे मन में एक ही विचार चलता था कि दुनिया भर में इतना बड़ा संकट आया है. परिवार का एक-एक व्यक्ति जान बचाने के लिए भय के बीच जी रहा है. तब मेरे मन में एक ही विचार आया था कि मैं इस कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जितना कर सकता हूं करूंगा. देशवासियों को बचाने के लिए जो करना पड़े करूंगा.

मुफ़्त राशन योजना को 5 साल के लिए बढ़ाया- 

पीएम मोदी ने बताया कि उस संवेदना में मेरा एक संकल्प बना था कि इतने बड़े संकट में मैं किसी भी गरीब का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा. मैं गरीब के दर्द को महसूस करता हूं. इसलिए आपके बेटे ने आपके भाई ने एक बहुत बड़ा निर्णय मन में पक्का कर लिया है कि दिसंबर में जब 'प्रधानमंत्री अन्न योजना' पूरी होगी तब आने वाले 5 साल के लिए मुफ्त राशन की गारंटी हम देंगे.

उन्होंने आगे कहा, 2014 से पहले कांग्रेस का एक-एक घोटाला लाखों-करोड़ों का हुआ करता था, अब भाजपा सरकार में घोटाले नहीं होते. गरीब के हक का पैसा जो हमने बचाया हैं, वो अब गरीब के राशन पर खर्च हो रहा है. इस घोटालेबाज कांग्रेस सरकार और भाजपा सरकार में यही सबसे बड़ा अंतर है. ये भाजपा है, जिसके लिए हर गरीब, पिछड़ा, दलित, आदिवासी, भाजपा परिवार का सदस्य है. मेरा परिवार जन है. जिन्होंने राजकुमार राम को, परमात्मा राम बना दिया, हम तो उन आदिवासियों के पुजारी हैं, भक्त हैं.

पीएम मोदी का कांग्रेस पर प्रहार-

कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी बोले, मध्य प्रदेश में कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ रही है. उसे मालूम है कि यहां चुनाव जीतना नहीं है, वह तो चुनाव लड़ने का ढोंग कर रही है. वह तो इसलिए चुनाव लड़ रहे हैं कि किसका बेटा कांग्रेस का मुखिया बनेगा. कांग्रेस पर कभी भरोसा नहीं किया जा सकता. कांग्रेस का नारा रहा है, गरीब की जेब साफ, काम हाफ से भी हाफ यानी कांग्रेस विकास का काम नहीं करती, लेकिन गरीब की जेब जरूर साफ कर देती है.