MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार यानी 27 अक्टूबर को अरविंद भाई मफतलाल की 100वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सतना दौरे पर पहुंचे. जहां उन्होंने चित्रकूट में रघुवीर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद सद्गुरु संघ सेवा ट्रस्ट की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया. वहीं, श्री राम संस्कृत महाविद्यालय के पुस्तकालय भी पहुंचे.

 

इसके बाद पीएम मोदी ने जानकीकुंड अस्पताल परिसर में नए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ किया. साथ ही एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, प्रभु श्री राम जानकी के दर्शन, संतों का मार्गदर्शन और संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा वेद मंत्रों का अद्भुत गायन, इस अनुभव और अनुभूति को वाणी से व्यक्त करना कठिन है. मानव सेवा के महान यज्ञ का महान हिस्सा बनने के लिए, श्री सद्गुरु सेवा संघ का भी मैं सभी पीड़ित, शोषित और गरीब आदिवासियों की तरफ से आभार व्यक्त करता हूं.

 

उन्होंने आगे कहा, मुझे विश्वास है कि जानकीकुंड चिकित्सालय के जिस नए विंग का आज लोकार्पण हुआ है, उससे लाखों मरीजों को नया जीवन मिलेगा. आने वाले समय में सद्गुरु मेडिसिटी में गरीबों की सेवा के इस अनुष्ठान को नया विस्तार मिलेगा. मुझे खुशी है कि अरविंद भाई का परिवार उनकी परमार्थिक पूंजी को लगातार समृद्ध कर रहा है. मैं इसके लिए उनके परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देता हूं.

चित्रकूट को लेकर पीएम ने कहीं ये ख़ास बात-

पीएम मोदी ने बताया, चित्रकूट के बारे में कहा गया है कि "कामद भे गिरि राम प्रसादा। अवलोकत अपहरत विषादा।।" अर्थात चित्रकूट के पर्वत, कामदगिरि, भगवान राम के आशीर्वाद से सारे कष्टों और परेशानियों को हरने वाले हैं. चित्रकूट की ये महिमा यहां के संतों और ऋषियों के माध्यम से ही अक्षुण्ण बनी हुई है. पूज्य रणछोड़ दास जी ऐसे ही संत थे. उनके निष्काम कर्मयोग ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है.

ट्रस्ट से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए उन्होंने कहा, आपके ट्रस्ट द्वारा यहां ग्रामीण महिलाओं को ग्रामीण उद्योग की ट्रेनिंग भी दी जा रही है. ये Women Led Development के देश के प्रयासों को गति देने में मदद कर रहा है. मुझे ये जानकर खुशी होती है कि सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय आज देश और दुनिया में अपनी एक अलग जगह बना चुका है.

इसका लाभ मेरी काशी को भी मिला- PM मोदी 

पीएम मोदी बोले, सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के कार्यों से मैं इसलिए भी विशेष रूप से परिचित हूं, क्योंकि इसका लाभ मेरी काशी को भी मिला हैं. काशी में आपके द्वारा चलाए जा रहे 'स्वस्थ दृष्टि, समृद्ध काशी' अभियान से कितने ही बुजुर्गों की सेवा हो रही है. सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय द्वारा अब तक बनारस और उसके आसपास करीब 6.50 लाख लोगों की डोर टू डोर स्क्रीनिंग हुई है.

उन्होंने आगे बताया, 90 हजार से ज्यादा मरीजों को स्क्रीनिंग के बाद कैम्प के लिए रेफर भी किया गया. बड़ी संख्या में मरीजों की सर्जरी भी हुई है. कुछ समय पहले मुझे काशी में इस अभियान के लाभार्थियों से मिलने का अवसर मिला था. मैं मेरी काशी के उन सभी लोगों की तरफ से ट्रस्ट और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं.