पंजाबी गायक सिद्दू मूसेवाला ही हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एकबार फिर से सलमान खान को धमकी दी थी। इसी सिलसिले में मुंबई पुलिस की एक टीम सोमवार को सलमान खान के घर पूछताछ के लिए पहुंची। धमकी मिलने के बाद से ही सलमान खान के घर के आस-पास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

वहीं पुलिस सलमान के घर की सुरक्षा की समीक्षा करके वहां से निकल गई। हालांकि मुंबई पुलिस का कहना है, कि ये सब एक रूटीन प्रक्रिया के तहत किया गया था। बताया जा रहा है, कि मुंबई पुलिस की एक टीम जल्द ही  पंजाब भी जाएगी, वहां पर पुलिस सलमान खान के केस के संबंध में पूछताछ करेगी।

मामले में मिली जानकारी के अनुसार, सलमान खान के पिता सलीम खान को पार्क में एक लेटर मिला था, जिसमें लिखा था कि- तुम्हारा हाल भी मूसेवाला जैसा कर देंगे। इस घटना के बाद से सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जिसके बाद खबर ये भी आई थी कि सलमान खान के घर की रेकी भी की गई थी, हालांकि पुलिस ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। रेकी करने वाले शख्स से लगातार  पुलिस की पूछताछ जारी है। 

पंजाब पुलिस के डीजीपी ने इस बात की पुष्टि की है कि कपिल पंडित नाम के शख्स ने बताया है कि सचिन बिश्नोई और संतोष यादव के साथ मिलकर लॉरेंस बिश्नोई के आदेश पर उसने सलमान खान के घर की रेकी थी। 

गौरतलब है, कि पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गायक की हत्या के बाद से ही सलमान खान को भी जान से मार डालने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद से पुलिस ने उनके घर की चौकसी बढ़ा दी थी।