अब तक कई शानदार फिल्में बना चुके निर्देशक मणिरत्नम की बहुप्रतीक्षित फिल्म पीएस-1 (पोन्नियिन सेल्वन) बीते दिन यानी 30 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है। इस मेगा बजट फिल्म को लेकर उम्मीद की जा रही है कि यह बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए रिकॉर्ड बनाएगी। पीएस-1 की एडवांस बुकिंग भी अच्छी रही थी। अब फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है।

बॉक्स ऑफिस पर पीएस-1 के पहले दिन की कमाई के आंकड़ों की मानें तो फिल्म ने शानदार बिजनेस किया है और अगर इसी गति से आगे बढ़ती रही तो बाहुबली जैसी यादगार फिल्म बन सकती है। फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन, चियान विक्रम, कार्ति, तषा कृष्णन, जयराम रवि, ऐश्वर्या लक्ष्मी और शोभिता धुलिपाला जैसे पॉपुलर एक्टर्स की स्टारकास्ट है। फिल्म एक ऐतिहासिक ड्रामा दिखाती है, जो कल्कि कृष्णमूर्ति द्वारा लिखी पोन्नियिन सेलवन नाम की किताब पर आधारित है।

Image

ऋतिक रोशन और सैफ अली खान की फिल्म विक्रम वेधा के साथ रिलीज होने के कारण पीएस-1 को लेकर कहा जा रहा था कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग करने में मशक्कत करनी पड़ सकती है, लेकिन बॉक्स ऑफिस के जो आंकड़े सामने आए हैं वह फिल्म के अच्छे बिजनेस की ओर इशारा कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पीएस-1 के सभी भाषाओं का देशभर में पहले दिन का नेट कलेक्शन 40 करोड़ का रहा। वहीं, ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो भारत में फिल्म के ओपनिंग डे का ग्रॉस कलेक्शन 47 करोड़ है।