बॉलीवुड के सुपर स्टार अमिताभ बच्चन और नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म गुडबाय की रिलीज डेट आ गई है। इसके  साथ ही मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर भी रिलीज किया है। पोस्टर में फिल्म की पूरी कास्ट दिखाई दे रही है। यह फिल्म 7 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 


मज़े की बात ये है कि इस फिल्म में बिग बी साउथ एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना के साथ दिखाई देंगे। इन दोनों के अलावा नीना गुप्ता, एली अवराम , सुनील ग्रोवर और साहिल मेहता भी फिल्म में दिखाई देंगे। फिल्म के पोस्टर में गुडबाय की पूरी कास्ट एक साथ बैठी नज़र आ रही है। इसे देखने को बाद लग रहा है कि सभी एक साथ टीवी पर इंडिया का मैच देख रहे हैं। परिवार के लोगों के चेहरे पर बना तिरंगे का टैटू इस बात को ज़ाहिर करता है।


फ़िल्म का पोस्टर काफी शानदार है। तस्वीर में अमिताभ और रश्मिका स्वेटशर्ट पहने हुए, एक सोफे पर एक-दूसरे के बगल में बैठे हैं। ब्लू हुडी में अमिताभ, रश्मिका के हाथों से पॉपकॉर्न लेते हुए दिख रहे हैं। इसके अलावा सफेद सलवार-सूट में फर्श पर बैठीं नीना गुप्ता हंसती हुई दिख रही हैं। सोफे के पीछे दीवार पर ढेर सारे फोटो फ्रेम लगे हैं। इसके अलावा फ़िल्म की बाकी स्टार कास्ट भी नीना के साथ जमींन पर बैठे और लेटे हुए दिखाई दे रही है।


आपको बता दें कि 'गुडबाय' एक फैमिली ड्रामा है। ये परिवार और रिश्तों की दिल को छू लेने वाली कहानी है, ये फिल्म दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ रूलाएगी भी। डायरेक्टर विकास बहल के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म बालाजी टेलीफिल्म्स और रिलायंस एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही है।


अमिताभ-रश्मिका की ये साथ में पहली फिल्म है। हाल ही में इंडिया टुडे से बात करते हुए रश्मिका ने ”बिग बी की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने रश्मिका को फिल्म के सेट पर डॉल कहा था। इसके बाद उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन एक अद्भुत व्यक्ति हैं। उन्होंने हम सभी को बेहद सहज महसूस कराया। हर रिहर्सल से लेकर शूटिंग तक, उन्होंने इसे बिल्कुल मजेदार बना दिया उनके लिए कोई भी शब्द उनका वर्णन करने के लिए बहुत कम होगा।”