भोपाल: राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त डा. सुदाम पी खाड़े ने सभी सीएमएचओ को निर्देश जारी कर कहा है कि वे अपने यहां स्थित जिला अस्पताल में आयुर्वेद के माध्यम से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिये ढाई हजार से 3 हजार वर्गफुट भूमि या निर्मित स्थान उपलब्ध करायें।
दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चार माह पूर्व 29 मई 2022 को उज्जैन में घोषणा की थी कि हर जिला अस्पताल में आयुर्वेद के माध्यम से भी चिकित्सा सुविधा दी जायेगी। इसी घोषणा के परिपालन में अब स्वास्थ्य आयुक्त ने ये निर्देश जारी किये हैं।
निर्देश में बताया गया है कि भारत सरकार की राष्ट्रीय आयुष मिशन योजनान्तर्गत जिला एलोपैथिक अस्पताल परिसर में आयुष विंग की स्थापना किये जाने का प्रावधान है जिससे आमजनों को विभिन्न चिकित्सा विधाओं का एक ही परिसर में लाभ प्राप्त हो सके।