मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर इलाके में स्थित भद्रकाली वीजासेन कोर्ट में पुरुषोत्तमानंद महाराज ने शुक्रवार को भूमिगत समाधि ले ली।  उन्होंने समाधि के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी, इसके जवाब में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनको भूमिगत समाधि लेने की अनुमति देने से इनकार करने के बाद भी समाधि ले ली।

इसके बाद जब पुरुषोत्तमानंद ने समाधि ली तो सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई और बाबा को समाधि न लेने की सलाह दी गई। इसके बाद भी पुरुषोत्तमानंद महाराज ने शुक्रवार को भूमिगत समाधि ले ली। दरबार परिसर में समाधि के लिए सात फुट गहरा, चार फीट चौड़ा और छह फुट लंबा गड्ढा खोदा गया था। पुरुषोत्तमानंद महाराज तीन दिनों तक आध्यात्मिक ध्यान में डूबे रहेंगे।

पुरुषोत्तमानंद महाराज के समाधि लेने की खबर को लेकर भद्रकाली वीजासेन माता के दरबार में बड़ी संख्या में साधु-संतों का आना शुरू हो गया है। यहां श्रीमद्भागवत का भी आयोजन होता है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी समाधि की इजाजत नहीं दी गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।