झारखंड के धनबाद से एक अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां पूर्व मध्य रेलवे ने हनुमानजी को नोटिस भेजकर 10 दिन के भीतर मंदिर हटाने को कहा है। मामला धनबाद के बैरकबंद इलाके का है, जहां रेलवे ने खटीक बस्ती में अपनी जमीन खाली करने का नोटिस चस्पा किया है।
नोटिस में हनुमानजी के नाम से साफ-साफ लिखा है कि जो मंदिर रेलवे की जमीन है वो अवैध कब्जा करके बनाया गया है। नोटिस मिलने के 10 दिन के अंदर मंदिर को हटाकर जमीन खाली कर सीनियर सेक्शन इंजीनियर विभाग को सौंप देने की बात कही गई है, ऐसा न किए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही गई है।
रेलवे ने यह नोटिस मंदिर के बाहर चस्पा किया है। नोटिस के बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया है। रेलवे ने न सिर्फ हनुमान मंदिर बल्कि उसके आसपास की अवैध झुग्गी-झोपड़ी को भी हटाने का आदेश दिया है।
बैरकबंद के खटीक इलाके में 20 साल से लोग रेलवे की जमीन पर रह रहे हैं। यहां के खटीक समुदाय के लोग मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश से आकर सालों पहले यहां बस गए थे। लोगों ने सालों से, पानी, फल, मछली, सब्जियां और अन्य छोटे पैमाने के व्यवसायों के लिए इन बस्तियों को बनाया था, वे सालों से यहां रह रहे हैं। रेलवे टीम ने अवैध कब्जे के तौर पर इलाके के सभी घरों को खाली करने का नोटिस लगाया है। सभी घरों की दीवारों पर उनके नाम से नोटिस चस्पा किए गए हैं।