राजस्थान में CM फेस को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। भजन लाल शर्मा राजस्थान के नए CM होंगे। मंगलवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडे की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया।

राजस्थान में मंगलवार को  12 दिसंबर को विधायकों की बैठक हुई। केंद्र ने राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडे को राजस्थान का ऑब्जर्वर बनाया था। तीनों नेताओं के जयपुर पहुंचने के बाद राजनाथ सिंह ने वसुंधरा राजे से वन-टू-वन मुलाकात की। उधर, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी राजनाथ से फोन पर बात की।

इसके बाद विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री को चुने जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे, कि बीजेपी एक बार फिर वसुंधरा को सीएम की कुर्सी सौपेंगी या राजस्थान में हिंदुत्व के पोस्टर बॉय बन गए बाबा बालकनाथ को सत्ता सौंपी जाएगी, या केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत को नई जिम्मेदारी दी जाएगी।

लेकिन अब सभी सवालों सभी अटकलों पर विराम लगा दिया गया है।  वसुंधरा राजे और बाबा बालकनाथ के अलावा भारत सरकार के मंत्री अश्विनी वैष्णव, सीपी जोशी, दीया कुमारी, राजवर्धन राठौड़ जैसे नाम भी रेस शामिल रहे।

हालांकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने सबको चौंका दिया। मध्य प्रदेश में बड़े चेहरों को दरकिनार कर मोहन यादव को कमान सौंपी गई, जबकि विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ की कमान सौंपी गई। ऐसे में ये सवाल उठ रहे थे कि राजस्थान में क्या होगा?