राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मंगलवार (21 नवंबर) को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। घोषणापत्र में सात गारंटियों के साथ घर की महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए दिये जाने के साथ 10 लाख युवाओं को रोजगार का भी ऐलान किया गया। कांग्रेस की सात गारंटियों वाले ऑनलाइन अभियान से अब तक करीब 72 लाख लोग जुड़ चुके हैं।  

जयपुर के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया गया। घोषणात्र में कांग्रेस ने राज्य के किसानों, महिलाओं और युवाओं सभी को साधने का प्रयास किया है। कांग्रेस को उम्मीद है कि  किसानों, महिलाओं और युवाओं के सियासी गठजोड़ से वह हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन के इतिहास को बदल देगी।

घोषणापत्र में वादा किया गया है कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद घर की महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही किसानों के लिए स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के मुताबिक एमएसपी का कानून लाये जाने की बात कही।  राज्य में RTE कानून लाकर इसके तहत निजी शिक्षण संस्थाओं में भी 12वीं तक की शिक्षा फ्री करने का भी एलान किया गया।  

पार्टी ने चिरंजीवी स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने का वादा किया। कांग्रेस  ने राजस्थान में विधान परिषद बनाने का बड़ा वादा भी किया है। अभी राजस्थान में सिर्फ विधानसभा है। विधानसभा के लिए विधायक सीधे जनता चुनती है, जबकि विधान परिषद के सदस्यों का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रणाली से होता है।