तमाम अटकलों पर ब्रेक लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान के नए सीएम के तौर पर भजन लाल शर्मा के नाम का ऐलान कर दिया है। सीएम बनने के बाद भजन लाल शर्मा की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है, आइए जानते हैं राजस्थान के नए सीएम ने क्या कहा।
सीएम बनने के बाद भजन लाल शर्मा ने सबसे पहले पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह को धन्यवाद दिया। इसके बाद उन्होंने अपना नाम प्रस्तावित करने के लिए वसुंधरा राजे को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा- ''मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि बीजेपी की इस टीम के साथ मिलकर पीएम मोदी के नेतृत्व में राजस्थान का हर क्षेत्र में विकास होगा।
पार्टी ने दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवान को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया है
बीजेपी की ओर से सीएम पद के लिए चुने गए भजन लाल शर्मा अब राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे और राजस्थान में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। आपको बता दें कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 115 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में 69 सीटें जीतीं। वहीं, अन्य 15 विधायक विधानसभा के लिए चुने गए हैं।
भजनलाल शर्मा राजस्थान की सांगानेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के प्रदेश महासचिव के पद पर भी थे। भरतपुर के रहने वाले 56 वर्षीय भजनलाल शर्मा ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। खास बात यह है कि वह 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बने हैं। भजनलाल शर्मा को संघ और संगठन दोनों का करीबी माना जाता है।