राजस्थान मतदान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 सीट पर आज मतदान हो रहा है। एक सीट पर प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित हो चुका है। राजस्थान में 1863 प्रत्याशी मैदान में है जिनके लिए सुबह 9 बजे तक 10 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।

राजस्थान में लंबे समय से हर पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन का रिवाज रहा है। ऐसे में देखना यह है कि इस बार वोटर रिवाज कायम रखते हैं या राज। मतदान सुबह 7 बजे प्रारम्भ हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा।

राजस्थान के लिए वोटिंग के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, राजस्थान इस बार मुफ्त इलाज चुनेगा, राजस्थान इस बार सस्ता गैस सिलेंडर चुनेगा, राजस्थान ब्याज मुक्त कृषि कर्ज चुनेगा, राजस्थान अंग्रेज़ी शिक्षा चुनेगा, राजस्थान OPS चुनेगा, राजस्थान जाति जनगणना चुनेगा। उन्होंने कहा, हर व्यक्ति को बड़ी संख्या में जाकर अपने मताधिकार इस्तेमाल करना चाहिए। जनता को हितकारी और गारंटी वाली सरकार चुननी चाहिए।

गौरतलब है कि मतदान में 5 करोड़ 26 लाख 90 हजार से ज्यादा मतदाता 199 सीटों पर 1863 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में लॉक कर देंगे। राज्य के चुनावी नतीजे तीन दिसंबर को पांच राज्यों के साथ ही सामने आएंगे।