राजस्थान में चुनाव प्रचार अब अंतिम दौर में पहुंच रहा है। भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ताबड़तोड़ सभाएं कर रहे हैं। बुधवार को PM मोदी फिर बीजेपी के प्रचार लिए राजस्थान पहुंचे और डूंगरपुर में एक जनसभा को संबोधित किया।
यहाँ पीएम मोदी ने कहा कि जिस धरती को सटीक भविष्यवाणी के लिए मावजी महराज को आशीर्वाद मिला है, वहां साफ-साफ दिख रहा है कि भाजपा आ रही है। उन्होंने कहा कि मैं मावजी महाराज को प्रणाम करते हुए एक भविष्यवाणी कर रहा हूं। मेरी ये भविष्यवाणी है कि इस बार ही नहीं, बल्कि राजस्थान में कभी भी अशोक गहलोत की सरकार नहीं बनेगी।
पीएम मोदी ने राजस्थान में पेट्रोल डीज़ल की कीमतों को लेकर भी अशोक गहलोत सरकार को निशानाबनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लूट से सरकारी खजाना खाली हो चुका है। महीनों सरकारी कर्मचारियों के पैसे लटके रहते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। भाजपा सरकार के बनने पर पेट्रोल डीज़ल की कीमतों की समीक्षा की जाएगी।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने पेपर लीक में राज्य को अग्रणी बना दिया। तुष्टिकरण में अग्रणी बना दिया। आपका कमल के अलावा किसी और को दिया गया वोट भी कांग्रेस की झोली में जाएगा। ये जो दूसरे लोग खड़े हैं, वो उनकी योजना से खड़े हैं। पिछली बार भी पाप कर वो आपकी आंखों में धूल झोंक गए, इस बार नया नाम लेकर कर रहे हैं। कांग्रेस का सूपड़ा साफ करो।
गौरतलब है कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव में प्रचार का गुरुवार को अंतिम दिन है। राज्य की 199 सीटों पर 25 नवंबर को वोटिंग होगी। परिणाम तीन दिसंबर को सामने आएगा।