राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने ऐलान किया कि BPL और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले लोगों को 1 अप्रैल से '500 रुपए' में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि हम एक कैटेगरी बना रहे हैं। इस कैटेगरी के लोगों को एक हजार 50 रुपए का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। ये सिलेंडर अप्रैल से 500 रुपए में मिलेगा। अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश की जनता को इसका सीधा फायदा मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि साल में 12 सिलेंडर 500 रुपए के हिसाब से मिलेंगे। वही सीएम ने बताया कि हमारी सरकार किसानों के लिए बजट लेकर आई थी। वहीं आगे वाला बजट छात्रों के लिए लेकर आएंगे।
इसके अलावा सीएम ने कहा कि पहले इनकम टैक्स, ईडी से लोग डरते थे, अब ये खुद डरे हुए हैं। देश में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो गई हैं। राहुल गांधी एक मकसद लेकर चले हैं। आजादी के बाद यह पहली भारत जोड़ो यात्रा है। पूरा देश महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। ERCP को हम किसी भी हालत में बंद नहीं करेंगे। इसे राष्ट्रीय योजना का दर्ज दिलाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।