Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार (25 नवंबर) को मतदान हो रहा है. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे चलेगा. राज्य में विधानसभा की 200 सीटें हैं लेकिन 199 सीटों पर मतदान हो रहा है. करणपुर सीट से विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण वहां चुनाव स्थगित किया गया है. फिलहाल, बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं.
अगर हम वोटिंग परसेंट की बात करें तो भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक सभी 199 सीटों पर मतदान प्रतिशत 55.63 प्रतिशत दर्ज किया गया है. जैसलमेर में अब तक सबसे ज्यादा वोटिंग 63.48 प्रतिशत हुई है. टोंक में 56.83 प्रतिशत मतदान हुआ है. वहीं, मालपुरा 59.07 प्रतिशत, निवाई 54.32 प्रतिशत और देवली उनियारा विधानसभा सीट पर 58.9 प्रतिशत वोटिंग हुई है.
फतेहपुर शेखावाटी में हुआ पथराव-
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में बोचीवाल भवन के पास पथराव की खबर सामने आई है. एएनआई के मुताबिक, मौके पर भारी पुलिस तैनात कर दिया गया है. फतेहपुर डीएसपी रामप्रसाद ने एएनआई से कहा कि कुछ लोगों के बीच आपसी झड़प के बाद पथराव हुआ है. मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. हम कड़ी कार्रवाई करेंगे. मतदान जारी है लेकिन ये (झड़प का स्थान) मतदान केंद्र से दूर है. मतदान में कोई बाधा नहीं है. जिन लोगों ने अभी तक वोट नहीं डाला है, वे जाकर मतदान करें. सभी को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी.