राजस्थान में विधानसभा चुनाव का परिणाम आए हुए भी लगभग एक महीने का समय बीत गया है। बावजूद इसके अभी तक नतो मंत्रियों के चेहरों पर मुहर लगी और ना हीं दो उप मुख्यमंत्रियों को ही कोई विभाग आवंटित किया गया।
अब इसे लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता प्रताप खचरियावास ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, राजस्थान भाजपा सरकार को बने हुए एक महीना होने वाला है न जाने कब इनका हनीमून पीरियड ख़त्म होगा, दो-दो उपमुख्यमंत्री लेकिन न कोई विभाग न कोई मंत्रालय।
दरअसल राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ तीनों ही प्रदेशों में नाटकीय ढ़ंग से मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा की कई। मध्यप्रदेश में तो मंत्रिमंडल का गठन हो गया लेकिन राजस्थान में अभी तक कैबिनेट का गठन नहीं हो पाया है। इसी के चलते सवाल उठाए जा रहे हैं।
ताज़ा सूचना के अनुसार गुरुवार 28 दिसंबर को राजस्थान में सीएम भजनलाल शर्मा की नई कैबिनेट का गठन होने जा रहा है। इसको लेकर राजभवन में मंच सज-धज कर तैयार हो गया है। एमपी और छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान के मंत्री शपथ लेते नजर आएंगे। करीब 20 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।