Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार यानी 25 नवंबर को मतदान संपन्न हो गया है. कुछ छिटपुट घटनाओं के साथ कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे शांतिपूर्ण मतदान चला. राज्य में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं लेकिन कल 199 सीटों पर मतदान हुआ. ऐसा इसलिए क्योंकि करणपुर सीट से विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण वहां चुनाव स्थगित किया गया है.
फिलहाल, बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं. अगर हम वोटिंग परसेंट की बात करें तो भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के मुताबिक, शाम 6 बजे तक राज्य में कुल 74.96 प्रतिशत वोटिंग हुई है. जबकि, 0.83 प्रतिशत वोटिंग डाक मतपत्र और घरेलू मतदान के जरिए हुई है.
बता दें कि 2018 के चुनाव में राजस्थान में 74.06 प्रतिशत मतदान हुआ था. यानी, इस बार चुनाव में 0.9 प्रतिशत मतदान ज्यादा हुआ है. मतदान के जरिये राजस्थान में करीब 5 करोड़ 25 लाख मतदाताओं ने 2 हजार प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला EVM में कैद कर दिया है.
कल दिन भर मतदाताओं में वोटिंग को लेकर जबदस्त उत्साह देखने को मिला. वहीं, सभी प्रत्याशियों ने अपनी जीत के दावे भी भरपूर किए हैं. ऐसे में राजस्थान में ऊंट किस ओर बैठता है यह तो 3 दिसंबर को चुनावी नतीजे ही तय करेंगे.