कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव आज इस दुनिया को अलविदा कह गए। 10 अगस्त को दिल को हार्ट अटैक के बाद से ही राजू दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती थे। जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। राजू के फैन्स को उम्मीद थी, कि राजू जल्द ठीक होकर वापस लौट आएंगे लेकिन उनके निधन की खबर से सभी स्तब्ध रह गए।

राजू कानपुर के रहने वाले थे। राजू के निधन की ख़बरें के बाद से ही कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव के कानपुर स्थित घर के बाहर उनके फैंस इकट्ठे होने लगे हैं। नम आंखों से उनके सभी फैंस श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

इधर राजू के बहनोई ने पुष्टि की कि राजू का अंतिम संस्कार दिल्ली में होगा। उन्होंने मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान बताया कि, "सुबह उनका बीपी गिर गया था। जिसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया। पहले तो उन्होंने रिस्पॉन्ड किया लेकिन फिर प्रतिक्रिया देना बंद कर दी। डॉक्टर्स, 2-3 दिनों में वेंटिलेटर हटाने वाले थे। दवा की खुराक भी कम कर दी थी। "

राजू श्रीवास्तव के परिवार के सदस्य - उनकी पत्नी शिखा, बेटा आयुष्मान और बेटी अंतरा - इस समय दिल्ली के एम्स अस्पताल में हैं। 22 सितंबर की सुबह राजू का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि प्राप्त जानकारी के मुताबिक पहले राजू का परिवार उन्हें मुंबई या कानपुर ले जाने पर विचार कर रहा था।हालांकि, विचार-विमर्श करने के बाद परिवार ने तय किया है कि वह कॉमेडियन का अंतिम संस्कार दिल्ली में ही करेंगे।

बता दें कि राजू श्रीवास्तव को जिम में वर्कआउट करने के दौरान हार्ट अटैक आया था। उसके बाद से ही वह दिल्ली एम्स में भर्ती थे। बीच में उनके हालात में सुधार की खबरें आए थीं, तो लगा था कि जल्द वह ठीक हो जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।