कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव को एक बार फिर से बुखार बढ़ने के कारण वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। हाल ही में उनकी हालत में सुधार के बाद वेंटिलेटर से हटा दिया गया था लेकिन अब वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर वापस चले गए हैं।

बताया जा रहा है कि राजू श्रीवास्तव को मंगलवार को वेंटिलेटर से हटा दिया गया था। पिछले हफ्ते की शुरुआत में राजू ने थोड़ा हाथ-पैर हिलाना शुरू कर दिया था, इसलिए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया। अब यह सामने आया है कि राजू को करीब 100 डिग्री बुखार है। 

एम्स हॉस्पिटल में राजू श्रीवास्तव की हर एक मूवमेंट पर पैनी नजर रखी जा रही है। राजू श्रीवास्तव रिकवर भी कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि राजू अब लगभग 80 से 90% ऑक्सीजन खुद ही सांस द्वारा लेने में सक्षम हो रहे हैं।
 
इधर इंडस्ट्री के प्रशंसक, दोस्त और राजू के शुभचिंतक उनके स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे हैं। कॉमेडियन जॉनी लीवर, सुनील पाल लगातार अस्पताल जाकर राजू के प्रशंसकों को उनके स्वास्थ्य के बारे में अपडेट दे रहे हैं। 

राजू श्रीवास्तव पिछले कुछ हफ्तों से दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती है। कॉमेडियन-अभिनेता और राजनेता राजू को पिछले महीने दिल का दौरा पड़ने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अचानक हुई इस घटना के बाद कॉमेडियन को लेकर हर कोई काफी शॉक्ड था। राजू को एक्सरसाइज करते ही बेचैनी महसूस होने लगी थी जिसके बाद राजू को दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल ले जाया गया।