कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालात एक बार फिर बिगड़ गई है। बीते दो दिनों से उनकी सेहत में सुधार भी देखा गया लेकिन अब एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई है। डॉक्टर्स के मुताबिक़ राजू श्रीवास्तव की हालत इस वक्त बेहद नाजुक है। यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया है।
बुधवार की देर रात से उन्हें बार-बार दौरे पड़ रहे हैं। डॉक्टरों ने उनके सिर का सीटी स्कैन कराया तो दिमाग के एक हिस्से में सूजन मिली है। डॉक्टरों की टीम हालंकि उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है। हार्टअटैक आने के बाद से ही उन्हें होश नहीं आया है और वे वेंटिलेटर पर हैं।
बीते बुधवार सुबह वर्कआउट के दौरान राजू को दिल का दौरा पड़ा था। जिम में ट्रेडमिल पर उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ राजू श्रीवास्तव को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
इससे पहले राजू श्रीवास्तव के मैनेजर नयन सोनी ने बताया था कि ट्रीटमेंट का असर राजू पर दिखने लगा है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। राजू श्रीवास्तव के शरीर के कुछ हिस्से में मूवमेंट होने लगा है।
इससे पहले राजू श्रीवास्तव के करीबी और अभिनेता शेखर सुमन ने भी कुछ ऐसा ही बताया था। उन्होंने ट्वीट किया था कि ‘अच्छी खबर , राजू ने अपनी उंगलियां और कंधे मूव किए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ये एक अच्छा संकेत है। आपकी दुआ काम कर रही है…दुआ करते रहिए।'