22 जनवरी को अयोध्या में रामलला का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह होने जा रहा है। जिसे देखो वो राम की भक्ति से सराबोर नज़र आ रहा है। मोहन सरकार के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय भी राममय नज़र आ रहे हैं।
मंत्री विजयवर्गीय अपनी गायकी के लिए भी काफी जाने जाते हैं। उन्हें कई समारोहों में कई अवसरों पर गाते-गुनगुनाते सुना जा चुका है। अबकी बार विजयवर्गीय राम भक्ति के रंग में रंगे नज़र आ रहे हैं। उनका गाया हुआ राम भजन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खुद विजयवर्गीय ने भी इस रामभजन को अपने X हैंडल पर शेयर किया है। पोस्ट शेयर करते हुए विजयवर्गीय ने लिखा है,
श्रीराम आ रहे हैं... आज अयोध्या में दशरथ के प्राण आ रहे हैं...!!! प्रभु श्रीराम नाम भर नहीं, वे जनमानस के जीवन की सार्थकता हैं। राम नाम की मणि को मुखरूपी द्वार की जिह्वा रूपी दहलीज पर दीप स्वरूप में धारण करने से चहुंओर उजियारा हो जाता है। भगवान श्रीराम हमारी आत्मा है। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रमाण हैं।
उनके जीवन में संपूर्ण विचारधाराओं का समावेश है। उनका चरित्र स्वयं ही महाकाव्य है। अयोध्या धाम में प्राण प्रतिष्ठा के सुअवसर पर प्रभु के गुणगान का प्रयास किया है। आप भी आनंद लीजिए...। संपूर्ण विश्व प्रभु श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करता रहे, गति के साथ प्रगति का क्रम जारी रहे, इन्हीं शुभकामनाओं के साथ जय श्रीराम ।