रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की आगामी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र‘ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया जिसे बेहद पसंद किया जा रहा है लेकिन फिल्म के ट्रेलर ने इसे विवादों में भी ला दिया है। यहाँ तक कि फिल्म को बायकॉट करने की मांग तक सोशल मीडिया पर की जा रही है। 

दरअसल फिल्म के ट्रेलर में वीएफएक्स सीन की तो लोग तारीफ कर रहे हैं लेकिन ट्रेलर में ऐसा कुछ भी देख गया है जिसने फिल्म को रिलीज से पहले ही  विवादों में ला दिया है। 

दरअसल फिल्म के ट्रेलर के स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं। जिसमें एक सीन में रणबीर कपूर मंदिर में एंट्री करते हैं और जम्प लेकर घंटी बजाते हैं। लोगों ने नोटिस किया कि इस दौरान रणबीर ने जूते पहने हुए हैं। मंदिर में जूते पहनने की गुस्ताखी के चलते सोशल मीडिया में नाराजगी दिखाई दे रही है। 

सोशल मीडिया पर इस गुस्ताखी के चलते फिल्म को बायकॉट करने की मांग भी उठ रही है। एक ने यूजर ने लिखा, ‘जूते पहनकर मंदिर में घुसना… यही उम्मीद की जा सकती है.. क्या बॉलीवुड को हिंदुओं की भावनाएं आहत करने का शौक है? इसी तर्ज़ पर अन्य कमेंट के साथ फिल्म के बायकॉट की मांग भी उठ रही है। 

गौरतलब है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। बताया जा रहा है कि फिल्म दो पार्ट में बनाई जा रही है, जिसका पहला पार्ट 9 सितंबर को रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर और आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय भी अहम भूमिका में हैं।