हिंदुत्ववादी नेता संभाजी भिडे द्वारा बिंदी नहीं लगाने की वजह से एक महिला पत्रकार से बात करने से इनकार करने पर बवाल हो गया है। महाराष्ट्र महिला आयोग ने भिड़े को नोटिस जारी कर दिया है। यह घटना उस समय कैमरे में कैद हो गई, जब वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर बाहर निकले थे। वीडियो में सुना जा सकता है कि वह महिला पत्रकार के सवालों का जवाब देने से पहले उनसे माथे पर बिंदी लगाने को कहते हैं।

वीडियो में भिडे को महिला पत्रकार से यह कहते सुना जा सकता है कि उन्हें उनकी बाइट लेने से पहले बिंदी लगानी चाहिए। दरअसल महिला पत्रकार ने शिंदे से हुई उनकी मुलाकात को लेकर एक सवाल पूछ था। भिड़े ने पत्रकार से यह भी कहा कि महिला भारत माता की तरह होती है. इसलिए उसे बिंदी नहीं लगाकर विधवा की तरह नहीं दिखना चाहिए।