भोपाल : राज्य सरकार ने रीवा वन वृत्त के अंतर्गत आने वाले सीधी वनमंडल का पुनर्गठन कर दिया है। अब चुरहट का वन परिक्षेत्र सीधी उप वनमंडल में न रहकर मझौली उप वनमंडल में रहेगा। उल्लेखनीय है कि ग्यारह साल पहले 7 फरवरी 2011 को राज्य सरकार ने सीधी सामान्य वनमंडल का 44 हजार 178.232 हैक्टेयर क्षेत्र संजय टाईगर रिजर्व सीधी के बफर क्षेत्र में शामिल किया था तथा इसके बाद 29 सितम्बर 2012 को सीधी सामान्य वनमंडल का नये सिरे से पुनर्गठन किया गया था जिसमें चुरहट वन परिक्षेत्र को सीधी उप वनमंडल में शामिल किया गया था।
परन्तु दस साल बाद पुन: पुनर्गठन कर चुरहट का वन परिक्षेत्र मणैली उप वनमंडल में शामिल कर दिया गया है। नये पुनर्गठन के बाद अब सीधी उप वनमंडल में सीधी एवं बहरी वन परिक्षेत्र रहेंगे जबकि मझौली उप वनमंडल में मझौली एवं चुरहट वन परिक्षेत्र रहेंगे। डीएफओ सीधी के अनुसार, पहले मझौली उप वनमंडल में मड़वास वन परिक्षेत्र भी था जो अब हटा दिया गया है, क्योंकि यह वर्ष 2016 में संजय टाईगर रिजर्व के बफर जोन में शामिल कर लिया गया था।