एमपी की राजधानी भोपाल में दिन-दहाड़े एक चाकू दिखाकर डराने-धमकाने का मामला सामने आया है लेकिन जब हबीबगंज पुलिस ने चाक़ू लहरा रहे युवक को पकड़ा तो उसकी हेकड़ी निकल गई. वह दोनों कान पकड़कर उठक-बैठक करके माफी मांगते नज़र आया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
मामला रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने की एक बिल्डिंग का है। जहां महिंद्रा फाइनेंस के कार्यालय में ये घटना हुई। किराएदारी को लेकर कंपनी व भवन के मालिक के बीच विवाद हो गया। कंपनी के कुछ लोग वहां से सामान ले जाना चाहते थे। तभी बादशाह ठाकुर पुत्र भीम सिंह ठाकुर निवासी दुर्गा चौक नारायण शंकरी ने उन्हें रोक लिया।
उसने सरेआम चाकू लहराते हुए ये कहना और धमकाना शुरू कर दिया कि मेरे खिलाफ हत्या के छह मामले लंबित हैं। मैं तुम्हें यहाँ से जाने नहीं दूँगा। उसने महिंद्रा फाइनेंस से जुड़े लोगों को धमकाया और उन्हें वहां से जाने से रोक दिया। इस बीच किसी ने पुलिस तक सूचना पहुँचा दी।
पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही बादशाह को पकड़ लिया। पुलिस के सामने बादशाह उठक-बैठक करते और माफी मांगते नज़र आया।
मामले को लेकर भोपाल पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर ने बताया कि महेंद्र फाइनेंस और भवन मालिक के बीच किराएदारी को लेकर विवाद था। युवक उसी बिल्डिंग में बाउंसर है। उसने उन्हें रोकने की कोशिश की जिस पर विवाद हो गया था। हबीबगंज पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।