मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। हालांकि भोपाल में अभी मूसलाधार नहीं है लेकिन आसपास जमकर बादल बरस रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। जबकी भोपाल में 4 दिन और इंदौर में 2 दिन बाद भारी बारिश का अलर्ट है। बीते 24 घंटे में ग्वालियर में सबसे ज्यादा 4 इंच पानी गिरा।
श्योपुर में नदी नाले उफन गए हैं। विजयपुर,शिवपुरी और ग्वालियर से जोड़ने वाले स्टेट हाईवे स्थित जंगल के नाले पर बने पटपढ़ा और चंदेली सटे डूब गए। विजयपुर का शिवपुरी और ग्वालियर से संपर्क कट गया है। भिंड के मौ कस्बे में सर्किट हाउस पर झिलमिल नदी का पानी पुराने पुल के ऊपर बह रहा है।
मौ मेहगांव रोड पर ट्रैफिक बंद हो गया है। वहीं बैतूल और पचमढ़ी में हो रही बारिश की वजह से तवा डैम के 13 में से 7 गेट खोलकर 54565 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सुबह नौ बजे से पहले डैम के 3 गेट तीन तीन फीट तक खोले गए थे, इसके बाद 4 गेट और खोल दिए गए।
भोपाल, बैतूल, इंदौर, दमोह, मंडला, सागर और सतना में भी कहीं कहीं बारिश हुई। सुखतवा नदी में बाढ़ आने से औबेदुल्लागंज नागपुर नेशनल हाईवे 69 डेढ़ घंटे बंद रहा।सुखतवा नदी का पुल कुछ महीने पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद यहां अस्थायी पुल बनाया गया है।