नवनिर्मित महाकाल लोक के लोकार्पण से महाकाल मंदिर काफी चर्चा में है। वहीं अब मंदिर परिसर में वीडियो रील बनाने को लेकर महाकाल मंदिर एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। तीन लड़कियों द्वारा गर्भगृह और मंदिर परिसर में जलाभिषेक और डांस का वीडियो शूट किये जाने के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हैं। 

वीडियो में बॉलीवुड गाने और डायलॉग के साथ एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए। जिस पर मंदिर के पुजारी ने भी आपत्ति जताई है। साथ ही कलेक्टर ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।वहीं मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने महाकाल परिसर में वीडियो बनाए जाने को लेकर सख्ती दिखाई है। उन्होंने कहा कि मेरी उन बच्चियों से विनम्र प्रार्थना है कि वीडियो बनाने के कोई और भी स्थान हो सकते हैं कुछ पवित्र स्थानों को छोड़े और इस तरह की कोई भी घटना और स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। न धार्मिक आस्थाओं से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त किया जाएगा।

वीडियो की जांच के मामले में गृहमंत्री ने कलेक्टर एसपी को भी तलब किया है। उनका कहना है कि अभी मंदिर प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई जबाव नहीं आया है। मंदिर प्रशासन की ओर से रिपोर्ट आने के बाद ही कोई भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गृहमंत्री ने भी ये भी कहा कि प्रथम दृष्टया वीडियो 6 महीने से अधिक पुराना प्रतीत हो रहा है, इसीलिए पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोई एक्शन लिया जा सकेगा।

गौरतलब है कि महाकालेश्वर मंदिर में शूट किये गए वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड किए गए हैं। गर्भगृह में एक लड़की बाबा महाकाल को जल चढ़ा रही है। बैकग्राउंड में.. इस लाइन में विश्वास... लाखों मिले, लेकिन आप जैसा कोई नहीं। एक और वीडियो महाकाल मंदिर परिसर में बना है। जिसमें एक लड़की नगाड़े संग ढोल बाजे... गाने  पर डांस करती नजर आ रही है।

तीसरा वीडियो भी महाकाल परिसर में ही बनाया गया है। इसमें एक युवती मंदिर के सामने धूम के मलंग-मलंग गाने पर हाथ ऊपर उठाती दिख रही है। 
सभी वीडियो के वायरल होने के बाद महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने मंदिर में बॉलीवुड गाने जोड़कर वीडियो बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।