राजस्थान में कांग्रेस का अंदरूनी घमासान थमता नज़र नहीं आ रहा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जहां आलाकमान के सामने माफी मांगने के बाद फिर तीखी तेवर दिखा रहे हैं, वहीं उनके समर्थक भी सचिन पायलट पर लगातार हमलावर हैं। वहीं सचिन पायलट इस पूरी स्थिति में वेट एंड वॉच का फ़ॉर्मूला अपनाए हुए हैं। 

मुख्यमंत्री गहलोत खेमे के हमले का जवाब में सचिन पायलट के समर्थक ज़रूर उनका पक्ष रख रहे हैं। इस सिलसिले में अब सचिन पायलट के समर्थक और गहलोत सरकार के मंत्री राजेन्द्र गुड़ा ने एक बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने बिना नाम लिए गहलोत समर्थकों को निशाने पर लेते हुए कहा कि सचिन पायलट को सभी ने महाभारत की अभिमन्यु की तरह छल से घेर लिया है। 

उन्होंने सचिन पायलट खेमे पर लगे बग़ावत के आरोपों को भी साज़िश बताया है। मंत्री गुड़ा ने कहा कि कुछ विधायकों को उकसाकर राजस्थान में बगावत की स्क्रिप्ट लिखी गई थी और इसके आधार पर ही सचिन पायलट को बदनाम करने की साज़िश रची गई। 

दूसरी ओर सचिन पायलट के जयपुर लौटने के बाद सियासी पारा और चढ़ गया है। एक बड़े घटनाक्रम के तहत गहलोत कैंप के मंत्री प्रताप सिंह खाचपरिवास ने सचिन पायलट से उनके आवास पर मुलाकात की है। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात हुई है।

गौरतलब है कि सियासी संकट के दौरान खाचरियावास पायलट पर खासे हमलावर थे। सचिन पायलट और प्रताप खाचरियावास के मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने खाचरियावास को तलब किया है। खाचरियावास को गहलोत गुट के बड़ा नेता माना जाता है।