सागर जिले में थाना परिसर में ही खुद को आग लगाने वाले किसान शीतल रजक को नहीं बचाया जा सका। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। किसान को गंभीर अवस्था में भोपाल के हमीदिया अस्पताल लाया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया।
तीन दिन पहले सागर जिले के एक किसान का थाना परिसर में ही खुद को आग लगाने का वीडियो सामने आया था। किसान लंबे समय से कीटनाशक दवा बेचने वाले दुकानदार के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग कर रहा था। कोई कार्रवाई न होने पर किसान ने आत्मदाह कर लिया था।
सागर जिले के बंड़ा थाना परिसर में किसान में आग लगाकर जान देने की कोशिश की. किसान ने कीटनाशक दवा दुकानदार के खिलाफ कार्यवाई के लिये आवेदन दिया था। कार्यवाई नही होंने पर लगाई आग @ABPNews @DGP_MP @_YogendraYadav @KamalPatelBJP pic.twitter.com/YHDzY26Bec
— Brajesh Rajput (@brajeshabpnews) August 9, 2022
घटना बंडा थाने के परिसर में हुई थी। यहाँ एक किसान ने एक कीटनाशक दवा बेचने वाले दुकानदार के ख़िलाफ़ शिक़ायत दर्ज कराई थी। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की गई तो गुस्से में आकर दुकानदार ने बंडा थाने में पहुंचकर ही खुद को आग लगा ली थी।
घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले तो उस किसान के साथ आए लोगों ने उसे आग लगाने से रोकने की कोशिश की लेकिन , किसान ने ज़िद में आकर अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने वहां उपलब्ध सामानों और कंबल का प्रयोग करके आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक किसान काफी जल चुका था।