मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं सागर शहर में भी तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। यहां टेंपरेचर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
इसी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने स्कूल समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी, नवोदय विद्यालय और सीबीएसई बोर्ड शिक्षण संस्थाओं में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है। यह परिवर्तन अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
हालांकि, दो पालियों में चलने वाले स्कूल पूर्व निर्धारित समय के दौरान ही संचालित होंगे। साथ ही परीक्षाएं एवं मूल्यांकन कार्य अपने निर्धारित समय के अनुसार पूरे किए जाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।