बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की हॉट सीट पर मध्यप्रदेश का एक और चेहरा नजर आया। सागर जिले की खुरई तहसील के भूपेंद्र चौधरी न सिर्फ हॉटसीट पहुंचे बल्कि एक करोड़ के सवाल तक भी पहुंच गए।
हाल ही में सोनी टीवी ने भूपेंद्र के शो का प्रोमो वीडियो जारी किया है। प्रोमो में खुरई के खेजरा इज्जत गांव के रहने वाले भूपेंद्र चौधरी को KBC के होस्ट अमिताभ बच्चन 50 लाख रुपए जीतने की बधाई देते नजर आ रहे हैं।
अब देखना यह है की भूपेंद्र एक करोड़ रुपए के सवाल का सही जवाब दे पाते हैं या नहीं। इसका जवाब भी आज प्रसारित होने वाले शो में मिल जाएगा।
भूपेंद्र चौधरी 'कौन बनेगा करोड़पति' में एंट्री के लिए 22 साल से प्रयास कर रहे थे। भूपेंद्र के घर साल 2000 में टीवी आया था तब से ही भूपेंद्र में 'कौन बनेगा करोड़पति' के लिए दीवानगी हो गई थी। KBC के लिए उनका जुनून था कि भूपेंद्र ने अभी तक KBC का एक भी एपिसोड मिस नहीं किया है।
भूपेंद्र चौधरी के पिता बसंत चौधरी के मुताबिक़ बेटे के साथ के कारण उन्होंने भी सेट पर अमिताभ बच्चन को देखा जो उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। बसंत चौधरी ने अपने बेटे के KBC तक के सफर और उसमें बेहतर प्रदर्शन पर गर्व जताया है।