सागर के सिरफिरे सीरियल किलर को भोपाल से गिरफ्तार किया गया है। चार चौकीदारों का सिर फोड़कर हत्या करने वाले इस किलर को सागर पुलिस ने भोपाल के बैरागढ़ से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने सागर और भोपाल में 2-2 हत्याएं करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सीसीटीवी  कैमरे के आधार पर हुई। हालांकि अभी हत्याओं की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस हत्यारे से पूछताछ कर रही है जिसमे बाकी वजहों का खुलासा होगा।

प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आरोपी की गिरफ्तारी पर सागर पुलिस को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी को मोबाइल की लोकेशन से पकड़ा गया है। वह एक सीरियल किलर है और उससे पूछताछ जारी है।

इससे पहले सागर में सिरफिरे सीरियल किलर द्वारा हत्याओं से दहशत के बीच गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पूरे पुलिस फोर्स को अलर्ट किया था। रात्रि गश्त टीमों को भी अलर्ट किया गया था। सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाये गए थे। पुलिस ने आरोपी का स्केच भी जारी किया था। 

सागर में सामने आये फुटेज में एक व्यक्ति दौड़ता भागता दिख रहा था। प्रथम दृष्टया ही बताया गया था कि एक ही व्यक्ति ऐसी घटनाएं कर रहा है, लेकिन जब तक पकड़ा नहीं जाता, तब तक कुछ भी कहना भ्रम पैदा करेगा। ये जल्दबाजी कहलाएगी।

गौरतलब है कि किलर के निशाने पर चौकीदार थे। ये ड्यूटी के दौरान सोते मिलने वाले चौकीदारों को मौत के घाट उतार रहा था। सागर में सिलसिलेवार 4 चौकीदारों की हत्या कर चुका है। भोपाल में भी एक चौकीदार की हत्या की बात सामने आ रही है।