सलमान खान के फैन्स के लिए एक बुरी खबर है। सलमान को डेंगू हो गया है, जिसके चलते टीवी शो बिग बॉस-16 की शूटिंग अब कैंसिल कर दी गई है, जिसकी वजह से सलमान अगले कुछ हफ्तों तक इस शो को होस्ट नहीं कर पाएंगे। उनकी जगह करन जौहर शो को कुछ दिनों के होस्ट करेंगे। जब तक कि सलमान खान पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाते उनकी एवसेंस में करण जौहर इस शो की कमान संभालेंगे। कलर्स टीवी ने करण जौहर का टीजर भी रिलीज कर दिया है।

सलमान इस समय अपनी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' की शूटिंग भी कर रहे थे, लेकिन अब तबीयत खराब होने की वजह से वे फिल्म की शूटिंग भी नहीं कर पाएंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टरों ने सलमान को डेंगू होने के बाद आराम करने की सलाह दी है। बताया जा रहा है, कि सलमान ने खुद करण जौहर को बिग बॉस 16 होस्ट करने के लिए मनाया है।

सलमान ने खुद ही करण को फोन करके शो को होस्ट करने की रिक्वेस्ट की थी। जिसके बाद करण सलमान को मना नहीं पाए, अब करन शो के कुछ एपिसोड में बतौर होस्ट नजर आएंगे। गौरतलब है, कि करण और सलमान दोनों अच्छे दोस्त हैं, जब सभी एक्टर्स ने करण की फिल्म कुछ कुछ होता है में शाहरुख के अपोजिट सेकेंड मेल लीड का रोल निभाने से इनकार कर दिया, तो फिल्म में केवल सलमान ही थे जो इस रोल में नज़र आए थे।

करण इससे पहले बिग बॉस ओटीटी शो होस्ट कर चुके हैं, करण को ओटीटी पर होस्ट के तौर पर काफी पसंद किया गया था। हालांकि फैंस सलमान को 12 साल से बिग बॉस में देखने के आदी हो चुके हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि करण को लेकर फैंस का रुख़ कैसा रहता है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान डेंगू से तेजी से रिकवर कर रहे हैं। वहीं 25 अक्टूबर के बाद वे अपनी अगली फिल्म किसी का भाई, किसी की जान की शूटिंग भी फिर से शुरू कर सकते हैं। डेंगू के चलते सलमान को अभी किसी बॉलीवुड पार्टी या दिवाली सेलिब्रेशन पार्टी में नहीं देखा जा रहा है।

आपको बता दें कि बिग बॉस की शुरुआत साल 2006 में छोटे पर्दे पर हुई थी। शुरुआत में इस शो को बिग बी अमिताभ बच्चन ने होस्ट किया था, लेकिन इसके बाद  2010 से सलमान ही इस शो की कमान संभाले हुए हैं।