MP News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अवैध उत्खनन रोकने गए पटवारी को रेत माफिया ने ट्रैक्टर से कुचल दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, रेत माफिया ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए थे, जिसे अब जिला प्रशासन ने पकड़ लिया है.

इस मामले पर जिला प्रशासन का कहना है कि लगातार अवैध परिवहन और उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी. उसी को लेकर चार पटवारी निगरानी करने गए थे. इस दौरान एक ट्रैक्टर से रेत माफिया रेत लेकर जा रहा था, जिसे रोकने का पटवारी प्रसन्न सिंह ने प्रयास किया तो ट्रैक्टर चालक ने रोकने के बजाय पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे घटनास्थल पर पटवारी की मौत हो गई.

उन्होंने आगे बताया कि घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल ट्रैक्टर जब्त करने के साथ ही वाहन चालक शुभम विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में ट्रैक्टर मालिक पर भी कार्रवाई की जा रही है. यह पूरी घटना देवलोंद थाना क्षेत्र के गोपालपुर सोन नदी की है. हालांकि, अब इस मामले पर प्रदेश में सियासत भी गरमाने लगी है.

उमा भारती ने बताया इसे ‘कलंक’-

इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का एक तीख़ा बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने कहा, शहडोल के ब्यौहारी में खनन माफिया द्वारा अवैध खनन रोकने के कारण एक सरकारी कर्मचारी की हत्या, मध्य प्रदेश की सारी व्यवस्था समाज, शासन, प्रशासन सबके लिए ‘कलंक’ एवं शर्मनाक है,अपराधियों पर कठोरतम कार्यवाही हो.

कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरा-

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना को लेकर 'X' यानी ट्विटर पर लिखा, शहडोल में रेत माफिया द्वारा अवैध खनन रोकने गए पटवारी प्रसन्न सिंह को ट्रैक्टर से कुचलकर मार देने की जघन्य वारदात सामने आई है. यह पहला मौका नहीं है जब मध्य प्रदेश में रेत माफिया ने इस तरह से किसी सरकारी व्यक्ति को कुचल कर मार दिया हो. मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार के दौरान पनपा भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण यह स्थिति बनी है. मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं. ईश्वर उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे. मैं प्रशासन से मांग करता हूं कि दिवंगत पटवारी के परिवार को समुचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ओम शांति.

कांग्रेस की तरफ से ही नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है. ऐसी स्थिति हमने मध्य प्रदेश में कभी नहीं देखी, जैसे हालात में बीजेपी सरकार ने पहुंचा दी है. शिवराज सरकार को घेरते हुए उन्होंने आगे कहा, बीजेपी की सरकार में जनता परेशानी हो रही है, किसी को कहीं भी न्याय नहीं मिल रहा है.