संस्कार सुधा फाउंडेशन ने आयोजित किया ‘मेरी उड़ान मेरी पहचान’


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

समाज की बुराइयों पर विजय दिलाते हैं संस्कार..!!

भोपाल: सामाजिक संस्था संस्कार सुधा फाउंडेशन द्वारा अपना प्रतिष्ठित आयोजन ‘मेरी उड़ान मेरी पहचान: सीजन 8’ का आयोजन शनिवार को मानस भवन में किया गया। 

‘विकसित भारत 2047 - ‘विकास भी, विरासत भी’ की थीम को प्रोत्साहित करते इस आयोजन में गीत-संगीत के साथ खादी केंद्रित फैशन शो तथा समाज की विभिन्न विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा,वरिष्ठ पत्रकार एवं मप्र प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीनआनंद जोशी, बुंदेली गायिका कविता शर्मा, चंदाजी अधीक्षक नारकोटिक्स विभाग, महेन्द्र अग्रवाल, उद्घोषक रवीन्द्र माथुर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि जनजातीय मंत्री विजय शाह ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए सरकार अपने स्तर पर प्रयास करती है लेकिन इस तरह के सामाजिक संगठनों का सहयोग मिल जाता है तो कार्य और आसान हो जाते हैं। उन्होंने संस्कार सुधा फाउंडेशन द्वारा किये जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने कहा कि संस्कार हमें सामजिक बुराइयों से विजय दिलाने में मदद करते हैं। उन्होंने भी  युवओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संस्था के प्रयासों की सराहना भी की।  

-  कविता के सुरों पर झूमे श्रोता

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध बुंदेली गायिका कविता शर्मा रहीं। उन्हें संस्था की ओर से संस्कार श्री युवा अलंकरण से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने अपने चिर-परीचित अंदाज में प्रस्तुतियां दी। इनमें उन्होंने अपना चर्चित गीत ‘आगड़ दम,बागड़ दम’ सुनाया तो सारा सभागार तालियों से गूंज उठा। इसके साथ ही उन्होंने कुछ और बुंदेली गीत सुनाये। इसमें सरौता कहां भूल आये प्यारे ननदोइयां तथा अन्य गीत शामिल रहे।

- प्रदर्शित हुए रंग-बिरंगे खादी के परिधान

कार्यक्रम का दूसरा आकर्षण रंग-बिरंगे खादी वस्त्रों का प्रदर्शन रहा। खादी फॉर फैशन, हैंडलूम वॉक खादी और हैंडलूम वस्त्रों के माध्यम से भारतीय फैशन की समृद्धि का प्रदर्शन किया गया। इसे शार्टिका ग्रुप के 10 सदस्यों ने रैंप वॉक के माध्यम से प्रस्तुत किया। 

- विभूतियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में  प्रदेश में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को मध्यप्रदेश गौरव रत्न अलंकरण से सम्मानित किया गया। इनमें टैरो कॉर्ड रीडर रुचि राय,वास्तुकार पलाश, बेस्ट प्रशासक डॉ. अर्चना अग्रवाल, शिक्षाविद् डॉ. विशाखा श्रीवास्तव, योग गुरु राशि नामदेव, सुमैया शाहिद, नृत्य गुरु रश्मि सिंग, वरिष्ठ पत्रकार एवं अंग्रेजी दैनिक हितवाद की संपादक भावना अपराजिता शुक्ला, चित्रकार रूपल सैनी, सुप्रसिद्ध खाद्य संस्थान सागर गैरे, फिटनेस ट्रैनर ऋचा सैनी, वाहन कंपनी संचालक आदित्य साहू, सोशल एक्टिविस्ट प्रिया तिवारी, स्कूल संचालक नीतू जेडी, राष्ट्रीय खिलाड़ी कीर्ति वर्मा,कृषि विशेषज्ञ कानपुरिया कंवर,प्रशिक्षक दीपा आयाचित शामिल रहे। 

इस अवसर पर पारंपरिक एवं समकालीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां- देश की विविध सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने वाले एकल और समूह लोक एवं शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिताएं संपन्न हुई। आरंभ में कार्यक्रम की कार्यक्रम की संयोजक एवं फाउंडेशन की युवा शाखा अध्यक्ष यशस्वी अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत् किया। शुरुआत  नृत्यमयी गणेश वंदना से हुई। समारोह स्थल पर स्थानीय उद्यमियों द्वारा उत्पादों और सेवाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहर के उद्योगपति, समाजसेवी तथा अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन रश्मि देशमुख एवं निशा तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।