छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री और अभिनेता या रवि दुबे की पत्नी सरगुन मेहता किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। पिछले काफी समय से सरगुन न केवल टीवी पर बल्कि पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी अदाकारी का दम दिखा रही हैं। वह पंजाबी इंडस्ट्री की मोस्ट पॉपुलर एक्ट्रेस में से एक हैं।
सरगुन मेहता अपने करियर में अभी तक हर तरीके के टीवी शोज और फिल्मों में काम कर चुकी हैं। आपकी यही पसंदीदा अभिनेत्री सरगुन आज यानी 6 सितंबर को अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। आज इस खास मौके पर हम आपको उनके जीवन के अनसुने किस्से बताने जा रहे हैं।
सरगुन मेहता का जन्म 6 सितंबर 1988 को चंडीगढ़ में हुआ था। सरगुन ने चंडीगढ़ के प्राइवेट स्कूल से पढ़ाई करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज में कॉमर्स से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करना शुरू किया लेकिन एक्टिंग में उनकी दिलचस्पी के कारण सरगुन ने यह कोर्स बीच में ही छोड़ दिया था।
आपको जानकर हैरानी होगी कि सरगुन का झुकाव थिएटर, एक्टिंग और डांसिंग में बचपन से ही था। जब सरगुन छोटी थीं, तब उन्होंने अपने भाई के साथ डांस रियलिटी शो 'बूगी वूगी' का ऑडिशन दिया था। लेकिन उस वक्त दोनों को ही कामयाबी नहीं मिली थी।