बॉलीवुड के मशूहर अभिनेता, कॉमेडियन और फिल्म निर्माता सतीश कौशिक का गुरुवार को 66 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद मुंबई ले जाया जाएगा। 

सतीश कौशिक की गुरुग्राम में की तबीयत बिगड़ी और कार में उन्हें दिल का दौरा पड़ा। सतीश कौशिक के ख़ास दोस्त और सहकर्मी अनुपम खेर ने उनके  निधन की खबर की पुष्टि की। अनुपम खेर ने लिखा- 'जानता हूं, मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है लेकिन  सतीश, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी।

सतीश कौशिक ने 7 मार्च को जावेद अख्तर की होली पार्टी में भाग लिया था। उन्होंने इस सेलिब्रेशन के फोटोज ट्वीट करके लिखा था-’जावेद अख्तर, शबाना आजमी, बाबा आजमी, तन्वी आजमी की तरफ से रखी गई होली पार्टी में रंगबिरंगी खुशनुमा होली का मजा उठाया। 


सतीश कौशिक नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा एंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के पूर्व छात्र थे और उन्होंने थिएटर में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने ‘मिस्टर इंडिया’, ‘दीवाना मस्ताना’, ‘साजन चले ससुराल’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने ‘रूप की रानी चोरों का राजा’, ‘प्रेम’, ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ और ‘तेरे नाम’ जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है।