इंदौर में बेरोज़गारी के खौफ की सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। यहाँ एक निजी कंपनी में काम करने वाले सात कर्मचारियों ने नौकरी से निकाले जाने पर जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। बताया जा रहा है की कंपनी ने सात महीने से कर्मचारियों को सैलरी भी नहीं दी है। घटना के बाद से कंपनी मालिक लापता हैं। 

मामला परदेसी पुरा थाना क्षेत्र के पास स्थित मॉड्यूलर किचन का सामान  बनाने वाली कंपनी से जुड़ा है। कम्पनी के सात कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह आत्महत्या करने की नियत से एक साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। फिलहाल सभी कर्मचारियों को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां इलाज जारी है। 

बताया जा रहा है कि कंपनी ने हाल ही में सातों कर्मचारियों को काम से निकाल दिया था, जिसके चलते उन्होंने ये कदम उठाया। आत्महत्या करने वालों में जमनाधर विश्वकर्मा, दीपक सिंह, राजेश मेमियोरिया, देवीलाल करेडिया, रवि करेड़िया, जितेंद्र धमनिया, शेखर वर्मा शामिल हैं। फिलहाल परदेशी पुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मरीजों के परिजनों का कहना है कि कंपनी मालिक ने नई कंपनी खोली है और निकाले गए कर्मचारियों को उस नई कंपनी में काम देने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। दबाव में इन्होंने यह कदम उठाया।