शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर के पूर्व छात्र मयंक मालवीय का चयन संयुक्त राष्ट्र की जलवायु परिवर्तन शाखा संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क (unfccc) द्वारा दक्षिण एशियाई लेवल पर कराई जाने वाली लोकल कांफ्रेंस ऑफ यूथ (LCOY) 2022 के लिए हुआ है। मयंक की इस उपलब्धि पर CM शिवराज ने बधाई देते हुए इसे मध्यप्रदेश के गर्व का पल बताया है। 

CM शिवराज ने कहा कि जागरूक युवा ही श्रेष्ठ दुनिया के निर्माण का स्वप्न साकार करेंगे। मानवता के कल्याण के लिए श्रेष्ठतम वातावरण हो, यही शुभेच्छा और आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत - बहुत शुभकामनाएं देता हूं। 

यह कॉन्फ्रेंस 23-25 सितंबर तक भारत के गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित की जानी है। भारत में यह सीईई फाउंडेशन, इनैक्ट अर्थ फाउंडेशन और ब्रह्मकुमारी की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है।

कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूक करना और उन्हें इसके संरक्षण के लिए आगे कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।

इसमें क्षेत्रीय के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर फोकस वाले सत्र भी होंगे, जो युवाओं को जलवायु संरक्षण के संबंध में निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में भाग लेने के लिए सशक्त बनाते हैं।

उत्कृष्ट विद्यालय के विज्ञान प्रभारी ओमप्रकाश पाटीदार ने बताया कि मयंक मालवीय का चयन उनकी प्रोफाइल के आधार पर किया गया है, जिसमें उन्होंने जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता संरक्षण पर किए गए अपने शोध कार्यों के बारे में बताया। मयंक मालवीय इस कांफ्रेंस में जलवायु शिक्षा और पारंपरिक प्रचलनों और आदिवासी समुदायों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव पर अपना स्टेटमेंट देने वाले है। 

उनके इसी स्टेटमेंट के आधार पर उनका चयन नवंबर-दिसंबर में इजिप्ट (मिस्त्र) में होने वाली वैश्विक कॉन्फ्रेंस के लिए भी किया जा सकता है। मयंक की उपलब्धि स्कूल के प्राचार्य विजया सक्सेना सहित स्टाफ सदस्यों ने भी उनको शुभकामनाएं दी हैं।