सुपरहीरो शक्तिमान जल्द ही फ़िल्मी परदे पर अपना जलवा दिखाते नज़र आएगा। शक्तिमान का किरदार निभा चर्चित हुए मुकेश खन्ना की कंपनी भीष्म इंटरनेशनल ही शक्तिमान बनाने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को फिल्म में भारतीय सुपरहीरो शक्तिमान का रोल ऑफर किया गया है।
भारत का सबसे बड़ा सुपर हीरो शक्तिमान बड़े पर्दे पर अपना जादू बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार है। अब तक हम मुकेश खन्ना को ही शक्तिमान के रोल में देखते आए हैं, अपने असाधारण प्रदर्शन से मुकेश खन्ना देश के बच्चे-बच्चे के दिलों पर राज करते थे। बच्चे तो उन्हें सच का ही सुपरहीरो समझने लगे थे मुकेश ने अपने नेचुरल अंदाज़ से सभी का दिल जीत लिया था।
मुकेश खन्ना की भीष्म इंटरनेशनल ने शक्तिमान पर बनने वाली फिल्म की घोषणा की है, फिल्म से जुड़ें शुरुआती काम भी शुरू हो चुके हैं। कुछ समय पहले सिर्फ टाइटल के साथ एक टीजर लॉन्च किया गया था, तब से फैंस को फिल्म की ऑफिशियल अनाउंसमेंट का बेसब्री से इंतजार था। फिल्म में शक्तिमान की भूमिका को लेकर काफी अटकलें थी, कई अभिनेताओं के नाम पर विचार किया जा रहा था जो,कि शक्तिमान की भूमिका को फिर से जीवंत कर सके।
बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता रणवीर सिंह पिछले कुछ समय से सुर्खियों में हैं। तो वहीं शक्तिमान के निर्माता एक उपयुक्त कलाकार की तलाश कर रहे हैं जो 90 के दशक पर फिल्माई जाने वाली इस सुपरहीरो की फिल्म का हिस्सा बनेगा। रणवीर को फिल्म में भारतीय सुपरहीरो शक्तिमान की भूमिका निभाने की पेशकश की गई है। इस हैंडसम हीरो ने फिल्म का हिस्सा बनने में गहरी दिलचस्पी तो दिखाई है, लेकिन अभी तक फिल्म साइन नहीं की है।
रिपोर्ट्स की मानें तो, रणवीर और उनकी टीम के साथ बातचीत जारी है। रणवीर इन दिनों आलिया भट्ट के साथ रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की शूटिंग में व्यस्त हैं। काम के मामले में, रणवीर के पास अभी रोहित शेट्टी की सर्कस, शंकर के साथ एक फिल्म, अलावा इसके रणवीर के पास और भी कई दिलचस्प फिल्में हैं।