तुनिषा शर्मा केस में कोर्ट ने आरोपी शीजान खान की जमानत याचिका खारिज कर दी है। शुक्रवार को वसई कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए शीजान को जमानत नहीं दी। शीजान की जमानत पर इस फैसले के बाद शीजान के वकील अब हाई कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी देंगे।
तुनिषा शर्मा के को-स्टार और एक्स बॉयफ्रेंड शीजान खान बीते 21 दिनों से सलाखों के पीछे हैं और अभी फिलहाल उन्हें राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है। शुक्रवार को ही उनकी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत की अवधि भी खत्म हो रही थी। अब रिहाई नहीं मिलने के कारण उन्हें आगे भी जेल में ही रहना होगा।
मामले में मुख्य आरोपी शीजान खान की जमानत याचिका पर बुधवार को ही सुनवाई खत्म हो गई थी। कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। शीजान के वकील शैलेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार सुबह कहा था कि वह इस बात के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं कि उनके मुवक्किल को जमानत मिल जाएगी। लेकिन अफसोस कि ऐसा हो न सका।
दूसरी ओर, तुनिषा शर्मा के परिवार के वकील तरुण शर्मा ने कहा कि एक्ट्रेस की मां वनीता शर्मा द्वारा कथित रूप से दिए गए पैसे के मामले में भी जांच की जाएगी। दो महीने पहले ही तुनिषा की मां ने दो-तीन लाख रुपये दिए थे, अब उस पैसे की भी जांच की जाएगी।
शीजान खान और तुनिषा शर्मा 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' शो में को-स्टार्स थे। दोनों के बीच अफेयर भी था, लेकिन 24 दिसंबर को एक्ट्रेस की मौत से करीब 15 दिन पहले दोनों का ब्रेकअप हो चुका था। तुनिषा शर्मा ने शनिवार, 24 दिसंबर को टीवी शो के सेट पर ही फांसी लगाकर जान दी थी। इसके कुछ ही घंटों बाद तुनिषा की मां वनीता शर्मा ने शीजान खान को आरापी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शीजान खान को 24 दिसंबर की रात की गिरफ्तार कर लिया था।