शिवपाल सिंह ने बुधवार को सैफई में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. ऐसा माना जा रहा है कि बैठक मैनपुरी से डिंपल की उम्मीदवारी और उनके समर्थन पर चर्चा करने के लिए थी. बैठक के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि शिवपाल यादव ने डिंपल का समर्थन किया है. इसके बाद ऐसा माना जा रहा है, कि शिवपाल यादव अब जनता से डिंपल के लिए वोट की अपील करेंगे.
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने भी कहा था कि पूरा परिवार एक है और वो एक स्टार प्रचारक हैं. बीजेपी के लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हैं. डिम्पल को जिताने के लिए पूरा परिवार एक साथ है. वह कल से चुनाव प्रचार शुरू कर सकते हैं. मैं समझता हूं कि मैनपुरी की जनता भी हमारे साथ है. उन्होंने आज एक बैठक की है, जल्द ही आगे भी कार्यक्रम होंगे और प्रचार भी करेंगे.
मैनपुरी में 5 दिसंबर को मतदान
इससे पहले समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को मैनपुरी उपचुनाव के लिए शिवपाल यादव को अपना स्टार प्रचारक बनाने की घोषणा की थी. सपा के मुख्य महासचिव राम गोपाल यादव द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई सूची में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संस्थापक शिवपाल यादव सहित 40 नाम हैं. हालांकि सोमवार को मैनपुरी में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के नामांकन दाखिल करने के दौरान शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव मौजूद नहीं थे. मैनपुरी संसदीय सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई थी. यहां उपचुनाव 5 दिसंबर को होंगे और नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे.