ट्रांसफर के नाम पर महिला शिक्षिका से फ्लर्ट करने वाले शिवपुरी के शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव को राज्य शसन ने सस्पेंड कर दिया है। शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव पर यह कार्रवाई एक ऑडियो वायरल होने के बाद की गई। वायरल ऑडियो में शिवपुरी के शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव  एक महिला शिक्षक से आपत्तिजनक बातचीत कर रहे थे। 

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में जिला शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव के शिक्षिका से स्थानांतरण संबंधी वार्तालाप अशोभनीय और अमर्यादित बताया गया है।

आदेश में कहा गया है कि ये कृत्य म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत होकर गंभीर कदाचरण, पदीय गरिमा के विपरीत एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसीलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।’

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर शिवपुरी जिले के शिक्षा अधिकारी का एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें वे एक महिला शिक्षिका के साथ में बातचीत कर रहे थे।महिला शिक्षिका द्वारा पारिवारिक स्थिति का हवाला देकर ट्रांसफर कराने के निवेदन पर शिक्षा अधिकारी उसे महिला को यार और सहेली भी कहकर भी संबोधित कर रहे हैं साथ ही शिक्षिका के फोटो की भी डिमांड कर रहे थे।